भारतीय रेलवे यात्रियों के अनुभव को और बेहतर बनाने के लिए एक नई पहल शुरू करने जा रही है। केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने आज निर्देश दिया कि वंदे भारत ट्रेनों में अब यात्रियों को उस क्षेत्र के स्थानीय व्यंजन परोसे जाएंगे, जिस रूट पर ट्रेन चल रही है। इसके बाद यह सुविधा धीरे-धीरे सभी ट्रेनों में शुरू की जाएगी।
रेल भवन में हुई एक समीक्षा बैठक में यह महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया। इस बैठक में रेल एवं खाद्य प्रसंस्करण उद्योग राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू भी मौजूद थे।
स्थानीय स्वाद से सजेगी यात्रा
इस नई योजना का मुख्य उद्देश्य यात्रियों को रेल यात्रा के दौरान एक संपूर्ण सांस्कृतिक अनुभव प्रदान करना है। अब यात्रियों को ट्रेन में वही व्यंजन मिलेंगे, जिस क्षेत्र से वे गुजर रहे होंगे। इससे न सिर्फ यात्रियों को विविधता स्वाद का आनंद मिलेगा, बल्कि स्थानीय खाद्य संस्कृति को भी बढ़ावा मिलेगा। माना जा रहा है कि इस कदम से यात्रियों की संतुष्टि बढ़ेगी और रेलवे खानपान सेवाओं की गुणवत्ता में भी सुधार होगा।
फर्जी टिकट बुकिंग पर शिकंजा, मिले सकारात्मक परिणाम
बैठक में ट्रेन टिकट बुकिंग प्रणाली में सुधार और फर्जी आईडी से आरक्षण पर चर्चा की गई। केंद्रीय मंत्री ने बताया कि फर्जी पहचान के जरिए टिकट बुकिंग रोकने के लिए की गई कार्रवाई से सकारात्मक नतीजे सामने आ रहे हैं। आईआरसीटीसी द्वारा उपयोगकर्ता पहचान की सख्त प्रणाली लागू करने के बाद, अब प्रतिदिन लगभग 5,000 नई यूजर आईडी ही बनाई जा रही हैं। इससे पहले यह संख्या प्रतिदिन लगभग एक लाख तक पहुंच जाती थी।
इन प्रयासों से अब तक लगभग 3.03 करोड़ फर्जी खातों को निष्क्रिय किया जा चुका है। साथ ही, संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर लगभग 2.7 करोड़ यूजर आईडी को अस्थायी रूप से बंद किया गया है या बंद करने के लिए चिह्नित किया गया है।
“सभी यात्रियों को मिले आसानी से टिकट”
मंत्री महोदय ने अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया कि टिकट प्रणाली में ऐसा सुधार किया जाए, जहां हर यात्री एक वास्तविक और प्रामाणिक यूजर आईडी के जरिए बिना किसी परेशानी के टिकट बुक कर सके। इसका उद्देश्य आम यात्रियों को टिकट मिलने की संभावना बढ़ाना और टिकट टाउटिंग जैसी समस्याओं पर अंकुश लगाना है।
भारतीय रेलवे की ये नई पहलें निश्चित रूप से रेल यात्रा को और सुविधाजनक, सुरक्षित और यादगार बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होंगे.
Author: ainewsworld