
पहली बार विधायक चुनी गईं रेखा गुप्ता दिल्ली की नौवीं मुख्यमंत्री बन गई हैं और सीएम बनते ही काम में जुट गई हैं। शपथ लेने के शुरुआती 8 घंटे के भीतर ही दिल्ली की मैडम चीफ मिनिस्टर ने कई अहम कदम उठाए।
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में आयोजित एक भव्य समारोह में दिल्ली के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने रेखा गुप्ता को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। पहली बार विधायक बनीं रेखा गुप्ता दिल्ली की नौवीं मुख्यमंत्री बन गई हैं और सीएम बनते ही काम में जुट गई हैं। दिल्ली में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के साथ 6 विधायकों ने भी मंत्री पद की शपथ ली। इन मंत्रियों में प्रवेश वर्मा, आशीष सूद, मनजिंदर सिंह सिरसा, रविंदर इंद्राज सिंह, कपिल मिश्रा और पंकज कुमार सिंह शामिल हैं।
दिल्ली में 27 साल बाद सत्ता में वापसी करने वाली बीजेपी (BJP) के तमाम दिग्गजों के सामने रेखा गुप्ता (Rekha Gupta) ने गुरुवार (20 फरवरी) दोपहर साढ़े बारह बजे मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ली। शपथ लेने के तीन घंटे बाद दोपहर 3:30 बजे सीएम का कार्यभार संभाला और पदभार संभालते ही रेखा गुप्ता ने कैबिनेट मीटिंग का ऐलान कर दिया। शाम साढ़े छह बजे दिल्ली की सीएम यमुना बाजार स्थित वासुदेव घाट पहुंची और पूरी कैबिनेट के साथ यमुना आरती की। यमुना आरती के बाद रेखा कैबिनेट की पहली बैठक शुरू हुई और पहली कैबिनेट बैठक में सीएम रेखा गुप्ता ने दिल्ली के विकास को गति देने के लिए मंत्रिमंडल का बंटवारा कर दिया।
दिल्ली सीएम रेखा गुप्ता ने मुख्यमंत्री की कुर्सी पर बैठते ही यह ऐलान कर दिया कि उनकी सरकार अपने किए वादों को पूरा करने के लिए एक भी दिन बर्बाद नहीं करेगी। रेखा गुप्ता ने कहा, ‘जो मिशन विकसित दिल्ली का है, उसे पूरा करने के लिए लगातार काम किया जाएगा। एक भी दिन व्यर्थ नहीं किया जाएगा और हर वादा जो दिल्ली से किया गया है, उसे पूरा किया जाएगा।’ इसे कहते हैं चट मंगनी और पट ब्याह… दिल्ली सीएम की कुर्सी पर बैठने के छह घंटे के भीतर ही रेखा गुप्ता ने साफ कर दिया कि बीजेपी ने दिल्ली की सत्ता के लिए उन पर क्यों भरोसा जताया।
सीएम ऑफिस में एंट्री के तीन घंटे के अंदर रेखा गुप्ता ने बीजेपी के एजेंडे पर अपना एक्शन शुरू कर दिया। रेखा गुप्ता ने पहले यमुना आरती की। उसके बाद दिल्ली कैबिनेट की पहली बैठक में बड़ा फैसला लेते हुए आप सरकार कार्यकाल की तमाम फाइलों को खोलने का इशारा दे दिया। आपको बता दें कि बीजेपी की नई सरकार ने सीएजी रिपोर्ट विधानसभा में पेश करने का फैसला किया है।

Author: ainewsworld



