गणतंत्र दिवस 2025 की परेड में महिला और बाल विकास मंत्रालय की झांकी में मंत्रालय की योजनाओं और महिला-नेतृत्व वाले विकास के जीवन चक्र को खूबसूरती से प्रस्तुत किया गया।
महिला और बाल विकास मंत्रालय की झांकी के बारे में बात करते हुए केंद्रीय महिला और बाल विकास मंत्री श्रीमती अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि यह झांकी भारतीय महिलाओं की अपार शक्ति और संघर्ष को श्रद्धांजलि है, जो देश के भविष्य को आकार दे रही हैं। इसने पोषण, शिक्षा, सुरक्षा और आर्थिक स्वतंत्रता जैसे समग्र उपायों के माध्यम से महिलाओं और बच्चों को सशक्त बनाने के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की अडिग प्रतिबद्धता को प्रदर्शित किया।



झांकी का मुख्य आकर्षण एक माँ थी, जो अपनी बच्ची को प्यार से गोद में उठाए खड़ी थी, जो बच्चे की पहली शिक्षिका के रूप में उसकी महत्वपूर्ण भूमिका को दर्शाती थी। झांकी में ताजे फल, सब्जियाँ, अनाज और दूध भी प्रदर्शित किए गए थे, जो सक्षम आंगनवाड़ी और पोषण अभियान की परिवर्तनकारी शक्ति को प्रदर्शित करते थे। यह अभियान कुपोषण को समाप्त करने और भारत के बच्चों और माताओं के लिए एक स्वस्थ और उज्जवल भविष्य का निर्माण करने के लिए समर्पित है।
यह झांकी “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” के 10 वर्ष और आंगनवाड़ी योजना के 50 वर्ष पूरे होने का उत्सव भी मनाती है, साथ ही प्रधानमंत्री केयर्स, पालना और किशोरियों के लिए योजनाओं द्वारा प्रदान किए गए अटूट समर्थन को भी प्रदर्शित करती है। इन जीवंत दृश्यों में आधुनिक तकनीक और कृत्रिम बुद्धिमत्ता में सक्रिय रूप से योगदान देने वाली महिलाओं की भूमिका भी दिखायी गई, जो प्रगतिशील भारत में महिलाओं की बढ़ती भूमिका का प्रतीक है।

Author: ainewsworld



